पति के लिए दो हजार किलोमीटर दूर एक साल के बच्चे के साथ मुजफ्फरनगर पहुंची महिला

मुजफ्फरनगर। पति के लिए आंध्र प्रदेश की एक महिला दो हजार किलोमीटर की दूरी तय कर मुजफ्फरनगर आ गई। एक साल के बच्चे को गोद में लेकर महिला नगर कोतवाली में पहुंची।

रोते हुए आपबीती बताई और न्याय की गुहार लगाई। यहां उसकी कोई मदद नहीं हुई, तो वह महिला थाने पहुंची। आरोप है कि मुजफ्फरनगर के युवक ने उससे कुवैत में शादी की और एक माह पहले आंध्र प्रदेश में उसे छोड़कर आ गया। उसने कहा कि आरोपित ने यहां दूसरी लड़की से शादी कर ली है।

मंगलवार दोपहर को आंध्र प्रदेश के जनपद चित्तूर में चित्तेचेरला के दीनदार पल्ली निवासी महिला शेख सैयदानी एक साल के बच्चे के साथ नगर कोतवाली पहुंची। महिला का कहना है कि कुवैत में दो साल पहले उसकी मुलाकात मुजफ्फरनगर के नगर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला लद्दावाला निवासी मोहम्मद आरजू से हुई थी।

दोनों ने वहीं पर शादी (लव मैरिज) कर ली। शादी के बाद दोनों साथ में रहे। महिला ने बताया कि वह वहां ब्यूटीशियन का कार्य करती थी और आरजू ड्राइवर था। इसके बाद लौटकर काफी दिन तक आंध्र प्रदेश में भी साथ रहे। आरोप है कि लगभग एक माह पहले आरजू उससे एक सोने की चेन व तीन लाख रुपये लेकर फरार हो गया। उसके बाद से आरजू ने उसका फोन नहीं उठाया।

अभी कुछ दिन पहले आरजू के वाट्सएप स्टेट्स से उसे पता चला कि उसने मेरठ की लड़की से दूसरी शादी कर ली है। उसने आंध्र प्रदेश में पुलिस से शिकायत की, लेकिन वहां कोई मदद नहीं हुई। उसका कहना है कि मंगलवार को वह नगर कोतवाली पहुंची थी, इसके बाद महिला थाने पहुंची। उधर, एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने कहा कि आंध्र प्रदेश की महिला की शिकायत के बारे में जानकारी मिली है। उससे पूछताछ करने के बाद जांच की जाएगी।