मुजफ्फरनगर में पेंट करते समय युवक की संदली से गिरकर मौत

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में गुरूवार को पेंट करते समय संदली से गिरकर एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक को अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

यह घटना चरथावल थाना क्षेत्र के गांव कुल्हेड़ी में हुई। सेद नगला निवासी 22 वर्षीय अली पेंटिंग का काम करता था। वह कई दिनों से कुल्हेड़ी गांव में एक मकान में पेंट कर रहा था। आज सुबह भी वह पेंट करने के लिए घर से निकला था।

जिस मकान में अली काम कर रहा था, वहां वह संदली लगाकर पेंट कर रहा था। अचानक संदली का संतुलन बिगड़ने से अली नीचे गिर गया। नीचे गिरने से उसका सिर फर्श से टकरा गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन ग्राम कुल्हेड़ी पहुंचे। उन्होंने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और अली को अस्पताल भेजने का इंतजाम किया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही 22 वर्षीय अली ने दम तोड़ दिया। अली की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया है।