मुजफ्फरनगर के युवक ने सऊदी अरब में दी जान..यहां जानें पूरा मामला

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले एक युवक ने सऊदी अरब के रियाद में वीडियो कॉल के दौरान अपनी पत्नी के सामने आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि घटना से दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. तो वहीं पुलिस ने इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक का शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

सऊदी अरब में करता था काम
मृतक की पहचान आस मोहम्मद उर्फ मुन्ना (24) के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरनगर के पीपलवाला मोहल्ला, भोपाखेड़ा थाना क्षेत्र का निवासी था और वह सऊदी अरब में एक प्रॉपर्टी डीलर के सहायक के रूप में काम कर रहा था.

पत्नी के सामने उठाया कदम

जानकारी के अनुसार, आस मोहम्मद की शादी साल 2025 में 7 अप्रैल को अपनी मौसी की बेटी सानिया (21) से हुई थी. रविवार को दोनों के बीच वीडियो कॉल पर बात हो रही थी, तभी उसने अचानक यह खौफनाक कदम उठा लिया. सानिया ने यह सब अपनी आंखों के सामने देखा और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगी.

शव को भारत लाने की कोशिश शुरू
इस घटना के बारे में रियाद में ही काम कर रहे उसके भाई नज़र मोहम्मद और चाचा इक़राम अंसारी को जब जानकारी मिली, तो वे तुरंत उसके आवास पहुंचे, लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुका था. परिवार के एक रिश्तेदार अमज़द अली ने बताया कि मृतक के परिजन उसके शव को भारत लाने के लिए लगभग 4 लाख रुपये की व्यवस्था करने में जुटे हैं.

सपा सांसद ने कहा हरसंभव करेंगे मदद
वहीं, मुजफ्फरनगर के सपा सांसद हरेन्द्र मलिक ने कहा कि परिवार को हरसंभव सहायता दी जा रही है और वह खुद इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं.