मुजफ्फरनगर में डिवाइडर से टकराए बाइक सवार: दो गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव में देर शाम एक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। डिवाइडर से टकराने के बाद उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया।

सहारनपुर जनपद के गंगोह निवासी अमन पुत्र संजय और सागर पुत्र गोपाल किसी काम से मुजफ्फरनगर जा रहे थे। चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी पहुंचते ही उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई।

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिरालसी में पुलिया निर्माण का कार्य चल रहा है, लेकिन विभाग ने न तो कोई सूचना पट लगाया है और न ही कोई अवरोधक। इसी लापरवाही के कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।