फ्लाईओवर पर स्कूटर के डिवाइडर से टकराने से मुजफ्फरनगर निवासी एक युवक की मौत

सहारनपुर (बिहारीगढ)। एक युवक की स्कूटी डिवाइडर से टकराने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के बिहारीगढ़ में बने फ्लाईओवर पर मुजफ्फरनगर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मालूपुर निवासी अब्बास (29) की स्कूटी डिवाइडर से टकराने पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में हुआ।

जानकारी के मुताबिक अब्बास देहरादून की ओर से आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिहारीगढ़ के फ्लाईओवर पर दामोदरबाद गांव के निकट जॉइंट जंप से स्कूटी अनियंत्रित होकर उछल पड़ी और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेलमेट लगा होने के बावजूद अब्बास के सिर में गंभीर चोट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद फ्लाईओवर पर लोगों की भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन से उसकी शिनाख्त करते हुए उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।