मुजफ्फरनगर में युवक को सांप ने डसा, अस्पताल ले जाते समय मौत

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के गांव मोरना में एक युवक की सांप के काटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय टिंकू उर्फ भुसंडी के रूप में हुई है। वह शादी राम का पुत्र था।शनिवार शाम को पड़ोसी मंगल के घर सांप दिखने की सूचना मिली।

टिंकू वहां पहुंचा और सांप को हटाने की बजाय उसके साथ वीडियो बनाने लगा। वीडियो में दिख रहा है कि टिंकू ने सांप को अपने गले के आसपास लपेट लिया। इस दौरान गांव के अन्य युवक वीडियो बना रहे थे।

वीडियो बनाते समय सांप ने टिंकू को डस लिया। इसके बाद टिंकू ने सांप को एक कट्टे में बंद कर दिया। कुछ ही देर में टिंकू की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए। लेकिन तब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। टिंकू की अचानक मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।