मुजफ्फरनगर में बोले शिवपाल यादवः सरकारी दफ्तर भ्रष्टाचार का अड्डा बने

मुजफ्फरनगर। भौराकलां गांव रविवार को पीडीए की पंचायत का आयोजन किया गया। इसमें पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि इस सरकार ने किसान के दूध-दही पर टैक्स लगा रखा है। महिलाएं असुरक्षित हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने भौंरा कलां में चार मुख्य मार्गों पर विधान परिषद सदस्य किरण पाल सिंह कश्यप की विधायक निधि से निर्मित चार गेट का लोकार्पण किया। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, किसान मसीहा महेंद्र सिंह टिकैत, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, पूर्व सांसद जयपाल सिंह कश्यप की स्मृति में गेट बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि तहसील, थाना, सरकारी कार्यालय भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं ।

विधान परिषद सदस्य किरण पाल कश्यप द्वारा भौराकलां में आयोजित पीडीए पंचायत को संबोधित करते हुए समाजवादी नेता शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसान यूरिया खाद के लिए परेशान है। प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहे हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं है। युवाओं के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है। किसान के दूध, दही पर भी टैक्स लगा रखा है।

इस दौरान मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक, जिला अध्यक्ष जिया चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट, श्याम लाल, बच्ची सैनी, ईलम सिंह गुर्जर, मांगेराम कश्यप, राजेश्वर बंसल आदि मौजूद रहे।