मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र के काकड़ा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा प्रधान फार्म हाउस के पास मेन रोड पर उस समय हुआ, जब युवती अपने भाई के साथ स्कूटी से मुजफ्फरनगर परीक्षा देने जा रही थी। मृतका आकांक्षा (22) पुत्री मदन सिंह, निवासी ग्राम अलीपुर अटेरना, थाना बुढ़ाना, अपने भाई अश्वनी पुत्र मदन सिंह के साथ स्कूटी पर सवार थी। जैसे ही वे काकड़ा गांव के मेन रोड पर प्रधान फार्म हाउस के पास पहुंचे, स्कूटी का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई। उसी समय सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने आकांक्षा के सिर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दो युवक गंभीर रूप से घायल इस हादसे में स्कूटी चला रहे अश्वनी पुत्र मदन सिंह और उनके साथ मौजूद अंशुल पुत्र प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया सूचना मिलते ही थाना शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शव पोस्टमार्टम को भेजा पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।