मुजफ्फरनगर में ओवैसी के समर्थन में पोस्ट डालने पर मिली अरशद राणा को धमकी

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी और मीरापुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अरशद राणा को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। यह घटना महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में AIMIM की सफलता के बाद पार्टी नेताओं को मिल रही धमकियों के बीच सामने आई है।

अरशद राणा ने बताया कि 18 जनवरी की शाम जब वे अपने परिवार के साथ घर पर थे, तभी उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने उन्हें सोशल मीडिया पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के समर्थन में वीडियो और पोस्ट डालने के लिए चेतावनी दी। आरोपी ने कहा कि यदि उन्होंने ओवैसी के पक्ष में अपनी गतिविधियां जारी रखीं, तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आरोप है कि फोन करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

धमकी मिलने के बाद अरशद राणा ने सोमवार सुबह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी। उन्होंने अज्ञात आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई। राणा ने कहा कि वे लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत अपने विचार व्यक्त कर रहे थे, लेकिन इसके बदले उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि अरशद राणा पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से चरथावल विधानसभा से चुनाव लड़ने वाले थे। टिकट कटने के बाद उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती और पार्टी नेताओं पर टिकट के बदले पैसे मांगने का आरोप लगाया था। इसके बाद उन्होंने मीरापुर विधानसभा से AIMIM के टिकट पर चुनाव लड़ा, जिसमें वे तीसरे स्थान पर रहे। उस चुनाव में भाजपा-रालोद गठबंधन की प्रत्याशी मिथलेश पाल ने जीत दर्ज की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस ने अरशद राणा की सुरक्षा के लिए एक सिपाही तैनात किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी देने वाले मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।