मुजफ्फरनगरः हिंदू बाहुल्य में मुस्लिम के मकान खरीदने पर हंगामा, धरना-प्रदर्शन

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हिन्दू बहुल मोहल्ला गौशाला, नदी रोड में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक मुस्लिम व्यक्ति द्वारा मकान खरीदे जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र लंबे समय से हिन्दू बहुल रहा है और बाहरी व्यक्ति द्वारा मकान खरीदने से सामाजिक संतुलन बिगड़ सकता है।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और हनुमान चालीसा पाठ करते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी भी की गई, हालांकि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस अवसर पर हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार साधू व संजय अरोरा के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन कर हनुमान चालीसा का पाठ किया।

इस मामले को लेकर सांप्रदायिक तनाव बढ़ने पर सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत किया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद हिंदू संगठनों का धरना खत्म हो गया और फिलहाल मामला शांत हो गया है। पुलिस ने मुस्लिम खरीददार को मकान पर कब्जा भी नहीं करने दिया।