मुजफ्फरनगर में खिलौना बंदूकों से रील बनाने पर प्रतिबंध: जब्त किए नकली हथियार

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस ने टॉय गन से रील बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया है। पुलिस ने नगर कोतवाली क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कई दुकानों से टॉय गन और लाइटर के रूप में बनाई गई नकली बंदूकें जब्त की गईं।

युवाओं द्वारा इन नकली हथियारों से सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर वायरल किए जा रहे थे। इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठ रहे थे। पुलिस ने सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि वे ऐसी वस्तुओं की बिक्री न करें।

हाल ही में मुजफ्फरनगर के दो युवाओं ने टॉय गन से रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि टॉय गन का दुरुपयोग सामाजिक माहौल को खराब करता है। यह युवाओं में हिंसा को बढ़ावा दे सकता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।