मुजफ्फरनगर में बाइक सवार पर 8 वर्षीय किशोर के अपहरण का आरोप

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के मोरना ब्लॉक क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में एक आठ वर्षीय किशोर के अपहरण का आरोप बाइक सवार एक व्यक्ति पर लगा है। किशोर के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

भोपा थाना क्षेत्र के शुभम कुमार ने थाने में दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम उनका आठ वर्षीय पुत्र वीर घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार अंकुश नामक युवक वहां आया और वीर को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। काफी देर तक वीर के दिखाई न देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजने के बाद उन्होंने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी, जिसमें आरोपी अंकुश वीर को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर ने बताया कि शुभम कुमार की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अंकुश पुत्र विजयपाल निवासी शंतरशाह, थाना बहादराबाद, जिला हरिद्वार के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने किशोर की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया है।