मुजफ्फरनगर के लिये खुशखबरीः ऐतिहासिक बैठक में 290 करोड़ का बजट पास

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद की बोर्ड बैठक में चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में 159 प्रस्तावों वाला ऐतिहासिक एजेंडा सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। टाउनहाल सभाकक्ष में आयोजित बैठक की कार्यवाही लगभग 20 मिनट चली, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 290.34 करोड़ रुपये की अनुमानित आय का मूल बजट मंजूर किया गया, जबकि 486.76 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की महत्वाकांक्षी योजना को भी हरी झंडी दे दी गई।

बैठक में पदेन सदस्य एमएलसी वंदना वर्मा का स्वागत किया गया। अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बजट सहित सभी प्रस्ताव सदन के समक्ष प्रस्तुत किए।
भगवान परशुराम का भव्य स्मारक बनेगा

पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने टाउनहाल परिसर में भगवान परशुराम का भव्य स्मारक स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी मिली। इस पर लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

विकास कार्यों की झड़ी
बोर्ड बैठक में पेयजल आपूर्ति सुधार, पथ प्रकाश व्यवस्था, 300 से अधिक नई सड़कों का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ीकरण और शहर के व्यापक सौन्दर्यकरण को स्वीकृति मिली।
शहरी सौन्दर्यकरण के तहत 30 विशेष कार्यों की लगभग 24 करोड़ रुपये की योजना पास की गई।
जानसठ ओवरब्रिज के नीचे बास्केटबॉल कोर्ट
गांधी कॉलोनी ओवरब्रिज के नीचे ओपन जिम
तीनों ओवरब्रिजों पर आकर्षक सीएनसी कटिंग व लाइटिंग

मेरठ रोड, रुड़की रोड व कच्ची सड़क क्षेत्र में भव्य प्रवेश द्वार (लगभग 5.5 करोड़ रुपये)
डीएम आवास से सूजडू चुंगी तक आरसीसी नाला निर्माण
मेरठ रोड व सर्कुलर रोड पर लगभग 10 करोड़ रुपये का सौन्दर्यकरण
कंपनी बाग में टॉय ट्रेन सौन्दर्यकरण (1.20 करोड़ रुपये)
52 बिस्तरों वाला आवासीय कंटेनर (19.80 लाख रुपये)

वित्तीय स्थिति
वित्तीय वर्ष 2025-26 में 31 जनवरी 2026 तक पालिका की वास्तविक आय 182.21 करोड़ रुपये और व्यय 152.49 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। एक फरवरी तक 266.78 करोड़ रुपये अवशेष रहे। अनुमान है कि 2026-27 में 486.76 करोड़ रुपये व्यय के बाद भी लगभग 70.37 करोड़ रुपये शेष रहेंगे।
पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि यह नगरपालिका के इतिहास की सबसे बड़ी विकासपरक कार्ययोजना है और योजनाओं के धरातल पर उतरते ही शहर आधुनिक सुविधाओं से युक्त और अधिक आकर्षक स्वरूप में दिखाई देगा।
बैठक में वार्ड 20 के सभासद हनी पाल के निधन पर शोक व्यक्त कर दो मिनट का मौन रखा गया तथा होली पर्व की शुभकामनाएं भी दी गईं। 55 में से 45 सभासद बैठक में उपस्थित रहे।