मुजफ्फरनगर में बाइक सवार को गोली मारी: जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार युवक को गोली मारकर हत्या का प्रयास किया गया। घटना बसेड़ा-जट मुझेड़ा मार्ग पर बरूकी और तिगरी गांव के बीच राजबाह पुलिया के पास हुई। घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घायल की पहचान छपार थाना क्षेत्र के छपरा निवासी सादिक पुत्र लाल्ला के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सादिक अपनी बहन के घर तिगरी जा रहा था, तभी छपरा गांव के ही दो युवकों ने उसे गोली मार दी।

तिगरी-बरूकी के बीच राजबाहे की पुलिया के पास यह वारदात हुई। राहगीरों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल सादिक को भोपा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय और फिर मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश कुमार ने बताया कि एक युवक को दो व्यक्तियों द्वारा गोली मारने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।