मुजफ्फरनगर SSP कार्यालय में मदद की गुहार लगाई, पति ने लगाया आरोप

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को ससुराल वालों द्वारा बंधक बनाकर पीटने का आरोप लगाया है। पीड़ित पति डॉ. प्रशांत मावी ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

डॉ. प्रशांत मावी ने बताया कि उनकी शादी भोपा थाना क्षेत्र में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह शादी घरवालों की मर्जी के खिलाफ हुई थी।

प्रशांत का आरोप है कि उनकी पत्नी को उसके पिता ने बंधक बना रखा है। उसके साथ मारपीट की जा रही है और जान से मारने का भी प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. प्रशांत ने इस संबंध में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने मुजफ्फरनगर पुलिस और संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि उनकी पत्नी को बंधन मुक्त कराया जा सके और उसके साथ कोई अनहोनी न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।