मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के कुल्हेड़ी गांव में एक बंद मकान में सेंधमारी हुई है। अज्ञात चोरों ने घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ली। यह घटना तब हुई जब मकान मालिक काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे।
कुल्हेड़ी गांव निवासी अली मोहम्मद पुत्र शब्बीर के घर पर ताला लगा था। शाम को जब परिजन घर लौटे, तो उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ पाया। कमरों की जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। नव नियुक्त थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
थाना प्रभारी ने पीड़ित से पूरी घटना की जानकारी ली और घर का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।