मुजफ्फरनगर में मिक्सर मशीन पलटने से मजदूर घायल: खतौली विधायक ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

मुजफ्फरनगर। खतौली विधायक मदन भैया ने रविवार को एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए मजदूरों की मदद की। सिखेड़ा-मंसूरपुर मार्ग पर एक जुगाड़ वाहन पर ले जाई जा रही मिक्सर मशीन बाइक बचाने के चक्कर में पलट गई, जिससे कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह घटना गांव बिहारी के पास हुई। जुगाड़ वाहन में सवार आधा दर्जन से अधिक मजदूर मिक्सर मशीन पलटने से गंभीर रूप से चोटिल हो गए। विधायक मदन भैया का काफिला उसी समय वहां से गुजर रहा था।

घायलों को देखते ही विधायक ने अपना काफिला रुकवाया। उन्होंने तत्काल एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद, विधायक ने अपने काफिले में चल रहे वाहनों की मदद से सभी घायल मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में विधायक मदन भैया ने चिकित्सकों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में लोगों से मिलने और जानसठ से सिखेड़ा होते हुए खानूपुर में मृतक पूर्व प्रधान के परिजनों को सांत्वना देने जा रहे थे.