मुजफ्फरनगर में रावण, कुंभकर्ण, मेघनाथ के पुतलों का दहन

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में विजयदशमी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर देहात तक रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया। मुख्य आयोजन नुमाइश मैदान, पटेलनगर, नई मंडी रामलीला, गांधी कॉलोनी और रामलीला टिल्ला जैसे स्थानों पर हुए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व सांसद संजीव बालियान, डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

जिले भर में बृहस्पतिवार को विजयदशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह घरों में दशहरा पूजन के साथ नवरात्रों का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने पूजन के बाद सांझी को नदियों में विसर्जित किया। दोपहर बाद दशहरा मेला स्थलों पर श्रीराम और रावण की सेना के बीच प्रतीकात्मक युद्ध शुरू हुआ। नुमाइश मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।

देर शाम नुमाइश मैदान में रिमोट के माध्यम से पुतलों में आग लगाई गई। पटेलनगर में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष गोपाल चौधरी, मुख्य प्रबंधक अनिल ऐरन, कार्यक्रम संयोजक विकल्प जैन और महामंत्री सुरेंद्र मंगल की देखरेख में पुतला दहन हुआ।

रामलीला नई मंडी, रामलीला टिल्ला, गांधी कॉलोनी और इंदिरा कॉलोनी सहित जिले भर में कुल 48 स्थानों पर पुतले जलाए गए। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत और एसपी देहात आदित्य बंसल ने अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।