मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद की नई मंडी कोतवाली पुलिस और गौकशी के आरोपियों के बीच सोमवार देर रात मुठभेड़ हो गई। यह कार्रवाई दिल्ली–देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो आरोपी गौमांस लेकर बझेड़ी गांव के रास्ते आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान जब दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और पास के ईंख के खेत में छिपने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी सोनू उर्फ कलीम गोली लगने से घायल हो गया। कॉम्बिंग के दौरान दूसरे आरोपी दाऊद को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
हथियार और गौमांस बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और कट्टों में रखा गौमांस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे से पूछताछ जारी है।
पूछताछ में संगठित गिरोह का खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे थे। आरोप है कि यह गिरोह रात के अंधेरे में जंगल क्षेत्र में गौकशी की घटनाओं को अंजाम देता था और दिन में गौमांस की सप्लाई की जाती थी। मामले में एक महिला आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य महिला की तलाश जारी है।
पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी गौकशी से जुड़े आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस का बयान
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस मुठभेड़ के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन किया गया है।