मुजफ्फरनगर में बारिश से तबाहीः जलभराव, कच्चे मकान क्षतिग्रस्त-इस तारीख तक स्कूल बंद

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में पिछले 48 घंटों से जारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बुधवार को भी दोपहर से तेज बारिश जारी रही। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर जिले के सभी स्कूलों को बंद कर दिया है।

बारिश ने जहां भीषण गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या खड़ी हो गई। गांधी कॉलोनी, रेलवे रोड और मीनाक्षी चौक जैसे प्रमुख इलाकों में पानी भर गया। शिव चौक गोल मार्किट में भी पानी जमा है। नालियों की अपर्याप्त सफाई और खराब जल निकासी व्यवस्था के कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया।

स्थानीय निवासी रिंकू के अनुसार, दुकानों और घरों में पानी घुस गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की गति 21 किमी प्रति घंटा और आर्द्रता का स्तर 63 प्रतिशत दर्ज किया गया।

पिछले कुछ दिनों से शहर का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। बिजली आपूर्ति में अनियमितता ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून की सक्रियता के कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है।

मुजफ्फरनगर के सभी स्कूल बंद रहेंगे

मूसलाधार बारिश के चलते जनपद में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी कारण जिला प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया है।

जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर बीएसए संदीप कुमार ने आदेश जारी किया है कि गुरुवार, 4 सितंबर को मुजफ्फरनगर के सभी स्कूल, कक्षा 1 से 12 तक, बंद रहेंगे।

बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और अन्य समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से भी आवश्यक सतर्कता बरतने की अपील की है।