340 फ्लाइट्स डिलेः एक मंजिल तक डूबे घर, 1300 सड़कें बंद, आज रात भारी-सेना अलर्ट पर

नई दिल्ली। दिल्ली के कई इलाकों में पानी भरा हुआ है, लोग घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत पूरे उत्तर भारत में बुधवार को तेज बारिश के कारण नदियां उफान पर है। बाढ़ के कारण यहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे में तेज बारिश होने की आशंका है।

दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में सुबह की बारिश के बाद पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर खतरे के निशान (205.33) से ज्यादा 207 मीटर तक पहुंच गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर 340 से ज्यादा फ्लाइट्स डिले हुई हैं। फ्लाइट ट्रैकर एजेंसी फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, शाम 5 बजे तक 273 उड़ानों का डिपार्चर और 73 उड़ानों का अराइवल देरी से हुआ।

यमुना बाजार, ओल्ड उस्मानपुर, ओल्ड गढ़ी मेंडू, तिब्बती बाजार, मोनेस्ट्री मार्केट समेत निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है। बुधवार को सभी स्कूल बंद रखे गए हैं। अब तक 12 हजार लोग घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जा चुके हैं।

यूपी के गाजियाबाद में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। कारें आधी डूब गईं। 7 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। कई जगह एक मंजिल तक घर डूब गए हैं। नोएडा में बुधवार दोपहर अंधेरा छा गया। यहां दोपहर को दो घंटे तेज बारिश हुई।

पंजाब में 23 जिलों में बाढ़, 30 लोगों की मौत

पंजाब में बुधवार को भी तेज बारिश जारी है। 23 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 1200 से ज्यादा गांवों में पानी भरा है। अब तक 30 लोगों की मौत हुई है। 3 लोग लापता हैं। सभी स्कूल-कॉलेजों को 7 सितंबर तक बंद करने का फैसला लिया गया है।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना के जलस्तर के बढ़ने से 1000 फार्महाउस में पानी भर गया। यहां से लोगों को रेस्क्यू किया गया। मथुरा में बाढ़ से करीब 900 परिवार प्रभावित हैं। आगरा में यमुना का पानी ताजमहल की बाउंड्री तक पहुंच गया। शहर के कई घाट और 8 श्मशान घाट पानी में डूब गए।

हरियाणा में झज्जर, हिसार, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और पंचकूला के कई हिस्सों में 3-5 फीट तक पानी भरा है। यहां के 200 से ज्यादा स्कूल बंद हैं। अंबाला के सैकड़ों घरों में 2-4 फीट पानी भरा हुआ है। हथिनीकुंड बैराज से 67 घंटे से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।

हिमाचल प्रदेश में 1300 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। पिछले 24 घंटे में 11 लोगों की मकान गिरने और लैंडस्लाइड में मौत हुई। आज सुबह कुल्लू में लैंडस्लाइड में 2 लोगों की मौत हो गई। कल शाम मंडी के सुंदरनगर में दो घरों पर लैंडस्लाइड हुई थी। हादसे में मरने वालों की संख्या 7 हो गई है। आज मलबे से 4 शव निकाले गए हैं। राज्य के 7 जिलों में स्कूल-कॉलेजों को बंद रखा गया है।

मध्य प्रदेश में अब तक 970.28mm बारिश हो चुकी है, जो सीजन की 104% है, जबकि अब तक 800.1mm बारिश होनी थी। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 939.8mm है। पिछले मानसूनी सीजन में औसत 1117.6mm बारिश हुई थी।

Image

दिल्ली: हरियाणा से पानी छोड़े जाने से यमुना नदी ऊफान पर
दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। हरियाणा से हर घंटे 1.5 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। इससे दिल्ली में नदी का बहाव तेज हो गया है।

जम्मू-कश्मीर: चिनाब नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही
जम्मू-कश्मीर के डोडा में बुधवार को तेज बारिश हुई। इसके चलते चिनाब नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है।

Image

दिल्ली में रिंग रोड से ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया
दिल्ली में यमुना में पानी बढ़ने के कारण आउटर रिंग रोड से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। वहीं बारिश और रोड पर पानी भरने के कारण आईटीओ से कश्मीरी गेट तक ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। दिल्ली के सबसे बड़े श्मशान घाट निगमबोध घाट पर यमुना नदी का पानी घुसने के कारण अंतिम संस्कार रोक दिए गए।

Image

जम्मू के अखनूर में BSF ने 44 लोगों का रेस्क्यू किया
जम्मू के अखनूर क्षेत्र में BSF ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से 44 लोगों को गरखल से बचाया गया और परगवाल के मोलू हेलीपैड पर उतारा गया।

जम्मू-कश्मीर: भारी बारिश के बाद अखनूर में चिनाब नदी उफान पर
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बाद अखनूर में चिनाब नदी उफान पर है। इससे गनखल गांव में बाढ़ आ गई है।

Image

पंजाब में जालंधर-अमृतसर हाईवे का हिस्सा धंसा
पंजाब के सुभानपुर-ढिलवां के पास बुधवार को जालंधर-अमृतसर हाईवे का एक हिस्सा धंस गया।

दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर, VIDEO
दिल्ली में यमुना नदी 207 मीटर तक पहुंच गई है। यह 1963 से पांचवी बार है जब यमुना इतनी ऊंचाई पर बह रही है।

मध्य प्रदेश: उमरिया में संजय गांधी डैम के तीन गेट खुले
उमरिया में लगातार हो रही बारिश से संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम में पानी की आवक बढ़ गई है। इसके मद्देनजर बांध के तीन गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।

हरियाणा: पंचकूला में स्कूल वाहन पर पेड़ गिरा
हरियाणा में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पंचकूला में एक पेड़ सड़क किनारे खड़े स्कूल बच्चों को ले जा रहे वाहन पर गिर गया। हादसे में कई बच्चों के घायल होने की खबर है।

जम्मू-कश्मीर: ऊधमपुर जिले में लैंडस्लाइड, जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को बंद करना पड़ा। इसके बाद कश्मीर घाटी से संपर्क टूट गया है।