मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के विकासखंड जैथल की न्याय पंचायत विधानसभा के अंतर्गत ग्राम बरौनी हाजीपुर में पशुओं में फैल रही ‘शैली बीमारी’ को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। ग्राम प्रधान विनोद फौजी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बीमारी की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने पर चर्चा की गई।
ग्राम प्रधान विनोद फौजी ने पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को गांव में आमंत्रित कर उनके साथ विस्तृत चर्चा की। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को ‘शैली बीमारी’ के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी प्रदान की। ग्राम प्रधान ने इस बात पर जोर दिया कि यह बीमारी किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए समय पर इसकी रोकथाम आवश्यक है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव के सभी पशुओं का जल्द ही टीकाकरण कराया जाएगा। इस कदम का उद्देश्य बीमारी को फैलने से रोकना है, जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम एक विशेष टीकाकरण अभियान चलाएगी।
ग्राम प्रधान विनोद फौजी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने पशुओं को टीकाकरण के लिए अवश्य लाएं और विभागीय टीम का सहयोग करें। उन्होंने रेखांकित किया कि पशुओं का स्वस्थ रहना किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, ग्राम पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक के बाद ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के इस पहल की सराहना की।