पटना: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बिहार पुलिस की एक महिला अवर निरीक्षक (SI) को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है. यह कार्रवाई भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत कोल्हरामपुर गांव के निवासी निजी शिक्षक कमलेश राय के अपहरण मामले में की गई है. लखीसराय जिले में तैनात 2019 बैच की दरोगा अंजली कुमारी को CBI ने बुधवार को गिरफ्तार किया है. मूल रूप से आरा नगर के नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मोहल्ला की रहने वाली अंजली कुमारी से फिलहाल CBI की टीम पूछताछ कर रही है.
शिक्षक कमलेश 2023 से हैं लापता
बता दें कि शिक्षक कमलेश राय पिछले साल (2023) से लापता हैं. उनके परिवार ने अपहरण का मामला दर्ज कराया था, जिसमें त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग और संभावित हत्या का एंगल भी सामने आया था. इस पूरे मामले में पटना हाईकोर्ट के निर्देश पर CBI ने इस मामले की जांच शुरू की. CBI के बिहार-झारखंड संयुक्त निदेशक राजीव रंजन ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है.
वहीं, CBI सूत्रों के अनुसार यह गिरफ्तारी डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के मजबूत आधार पर हुई है. जहां मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR), अन्य तकनीकी इनपुट्स और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के विश्लेषण से अंजली कुमारी की संलिप्तता पाई गई. वहीं, जांच में तकनीकी साक्ष्य निर्णायक साबित हुए, जिसके बाद CBI ने कार्रवाई शुरू की है.
प्रेम संबंध के कनेक्शन का है आरोप
इस पूरे मामले में आरोप है कि अपहरण में प्रेम संबंधों का गहरा कनेक्शन हो सकता है. शिक्षक कमलेश राय के परिवार ने पहले ही महिला दरोगा पर गंभीर आरोप लगाए थे. वहीं, CBI की टीम अब अंजली कुमारी को CBI की विशेष अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है, जहां रिमांड और आगे की जांच पर फैसला किया जाएगा. हालांकि इस मामले में अभी भी सीबीआई जांच की जा रही है.