मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के ककरौली थाना क्षेत्र के गांव ढासरीं में सड़क निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गांव ढासरीं निवासी वेदपाल ने अपनी तहरीर में बताया कि शनिवार को उनका भतीजा अर्पित घर के दरवाजे पर बैठा था। घर के सामने सीसी सड़क का निर्माण चल रहा था, तभी पड़ोस के एक युवक ने फावड़े से नाली का पानी बंद कर दिया। अर्पित ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उस पर जान से मारने की नीयत से फावड़े से सिर पर वार कर दिया, जिससे अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं, दूसरे पक्ष के रामपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मकान के सामने सड़क निर्माण चल रहा है, जिसका पड़ोसी विरोध कर रहे हैं। रामपाल के अनुसार, चार पुरुषों और दो महिलाओं ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से उनके घर में घुसकर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ककरौली थानाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एक दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।