मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर खतौली थाना क्षेत्र में गंग नहर किनारे मिली अज्ञात महिला की लाश की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने हत्यारे प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शादीशुदा प्रेमिका को पहले नींद की गोली चाय में डालकर पिलाई, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। फिर पूरे मुंह पर टेप लगाकर शव ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन शव को ठेले (रेहड़ी) पर लादकर ले जाते समय सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया और पकड़ा गया।
घटना 14 जनवरी की है, जब खतौली कोतवाली क्षेत्र में गंग नहर के किनारे एक महिला का शव बरामद हुआ था। महिला के पूरे चेहरे पर टेप लगा हुआ था, जिससे यह स्पष्ट था कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और पहचान की कोशिश शुरू की। जांच में मृतका की पहचान कस्बा खतौली निवासी ममता पत्नी कृष्णपाल उर्फ कालिया के रूप में हुई।
बर्तन साफ करने का काम करती थी
एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने बताया की ममता घरों में खाना बनाने और बर्तन साफ करने का काम करती थी। इसी दौरान वह संदीप नाम के व्यक्ति के घर काम करने लगी, जिसकी पत्नी का वर्ष 2012 में निधन हो चुका था। काम के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। हालांकि कुछ समय बाद संदीप को ममता पर शक होने लगा। उसे संदेह था कि ममता किसी और से फोन पर बात करती है और उससे पैसे भी लेती है। यही शक और गुस्सा धीरे-धीरे हत्या की वजह बन गया।
उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को जब ममता संदीप के घर खाना बनाने आई, तो आरोपी ने पहले से बनाई गई योजना के तहत उसे चाय में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं। ममता के बेहोश होने के बाद संदीप ने उसके ऊपर बैठकर गला और नाक दबा दी, जब तक कि उसकी सांसें पूरी तरह थम नहीं गईं। इसके बाद भी उसने महिला के चेहरे पर टेप चिपका दी, ताकि अगर सांस की थोड़ी-बहुत गुंजाइश हो तो वह भी खत्म हो जाए।
सीसीटीवी से पकड़ा गया आरोपी
हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए ठेली (रेहड़ी) का सहारा लिया और रात के अंधेरे में गंग नहर की ओर निकल पड़ा। इसी दौरान उसकी यह खौफनाक करतूत मोहल्ले में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शव का वजन अधिक होने के कारण वह उसे नहर में नहीं फेंक सका और सड़क किनारे ही छोड़कर फरार हो गया। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदीप को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बेडशीट, थैली, हैंडबैग, मृतका का पहचान पत्र, नशीली गोलियां और शव ले जाने वाली ठेली भी बरामद कर ली गई है।