मुजफ्फरनगर। Muzaffarnagar News: पुलिस ने आगरा के चार दवा कारोबारियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया था कि इन्होंने मुजफ्फरनगर के आयुष मेडिकोज को साढ़े तीन करोड़ की नकली दवाएं बेची थी। बुधवार को आयुष मेडिकोज पर छापा मारा गया, मगर पता चला कि सारी दवाएं बेच दी गई हैं।
गांधी कॉलोनी निवासी दवा कारोबारी तरुण बंसल ने जिले में साढ़े तीन करोड़ रुपये की नकली दवाई बेच डालीं। औषधि विभाग ने छापा मारकर कारोबारी को गिरफ्तार कर नई मंडी कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया। आरोपी ने अपनी पत्नी के नाम से दवा कारोबार का लाइसेंस लिया था।
31 अगस्त को थाना कोतवाली जनपद आगरा क्षेत्र में चार दवा कारोबारियों को गिरफ्तार कर लगभग साढे़ तीन करोड़ रुपये की नकली दवाइयां बरामद की गई थी। फर्म मैसर्स बंसल मेडिकल एंजेसी, मैसर्स ताज मेडिको एवं मैसर्स एमएसवी मेडि प्वाइट प्रा. लि. फाउंटेन आगरा के मालिकान संजय बंसल, मुकेश बंसल तथा सोहित बंसल से पूछताछ की थी। उनसे प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर फर्म मैसर्स आयुष मेडिकोज, 112 ए. गली नं० 13, नार्थ गांधी कालोनी, न्यू मंडी, मुजफ्फरनगर को भारी मात्रा में नकली दवा बेचना सामने आया था।
इसी कड़ी में औषधि विभाग के बस्ती मंडल के सहायक आयुक्त नरेश मोहन दीपक, सहारनपुर मंडल सहायक आयुक्त दीपा लाल और औषधि निरीक्षक मुजफ्फरनगर पवन कुमार शाक्य ने गांधी कॉलोनी स्थित आयुष मेडिकोज पर छापा मारा। इस दौरान लैपटॉप, दस्तावेज और दवाएं जब्त कीं।
जांच में सामने आया कि कारोबारी तरुण बंसल ने अपनी पत्नी के नाम से लाइसेंस लिया था, जबकि खुद कारोबार करता था। टीम ने कारोबारी की पत्नी के भी बयान लिए हैं।
जांच में पता चला कि तरुण बंसल ने आगरा स्थित बंसल मेडिकल एजेंसी से साढे़ तीन करोड़ रुपये कीमत की नकली दवाइयां खरीदी थीं। छापे के दौरान किसी तरह की दवाएं नहीं मिलीं। अनुमान लगाया गया कि नकली दवाएं बेच दी गई हैं। जांच पड़ताल कर औषधि विभाग टीम ने कारोबारी तरुण गिरधर और आगरा के तीन कारोबारियों संजय बंसल, मुकेश बंसल व सोहित बंसल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
टीम ने तरुण बंसल को गिरफ्तार कर नई मंडी कोतवाली पुलिस को सौंपा है। सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया गया है।