मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस और प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की है। हुसैनपुर कलां के रहने वाले फरमान पुत्र नसीम को उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिला बदर कर दिया गया है।
अपर जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर फरमान को 6 माह तक जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं करने का निर्देश दिया गया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में की गई।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल के पर्यवेक्षण में थाना बुढाना पुलिस ने आदेश की प्रति अभियुक्त के घर पर चिपकाई। साथ ही ढोल बजवाकर इस कार्रवाई की जानकारी आम लोगों को दी गई। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर फरमान इस अवधि में जिले की सीमा में पाया गया तो उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वह जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है।