मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में शुक्रवार को पारिवारिक रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। बाइक सवार दो हमलावरों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव में हुई। करीब 35 वर्षीय दीपांशु नाम के युवक पर उसके परिवार के ही दो युवकों, राजा और देवा ने हमला किया। दीपांशु को कई गोलियां लगी हैं। गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी मुजफ्फरनगर भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से बिखरी गोलियां, एक मैगजीन और घायल की बाइक को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।