मुजफ्फरनगर में जमीन विवाद में पिता-पुत्र गिरफ्तार: मारपीट और जान से मारने की धमकी

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के जानसठ में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। थाना सिखेडा पुलिस ने 8 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

ग्राम नगला कबीर निवासी राजकुमार पुत्र स्व. ईलम सिंह ने थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि आरोपी राजीव और अरुण उन्हें गाली-गलौज कर आधी जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे। जब राजकुमार ने मना किया, तो आरोपियों ने राजकुमार और उनके बेटे संजीव के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। राजकुमार के अनुसार, इस घटना के कुछ समय बाद जब वह घर जा रहे थे, तब अरुण, उसके पुत्र अक्षत और वंश ने उन पर दोबारा हमला किया। इस दौरान उन्हें धमकी दी गई कि यदि जमीन उनके नाम नहीं की गई, तो जान से मार दिया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी योगेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस ने नामजद अभियुक्त अरुण कुमार पुत्र स्व. सौराज सिंह और अक्षत पुत्र अरुण कुमार (दोनों निवासी नगला कबीर) को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे मुकदमे की रंजिश को लेकर दोबारा झगड़े की फिराक में थे। इस गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक अरुण कुमार, नेमपाल सिंह, हेड कांस्टेबल सूरज सिंह और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।