मुजफ्फरनगर के खेड़ी फिरोजाबाद में पिता-पुत्रों पर जानलेवा हमला: चार आरोपियों पर केस दर्ज

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के खेड़ी फिरोजाबाद गांव में खेत पर पानी चला रहे पिता और उनके दो बेटों पर जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ककरौली थाना क्षेत्र के खेड़ी फिरोजाबाद निवासी नवाब ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात वह अपने बेटों इसरार और अफसर के साथ खेतों में पानी चला रहे थे। इसी दौरान गांव के अब्बास, अल्लू, शावेज और शाहनवाज धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे।

आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। अल्लू और शावेज ने तलवार व अन्य धारदार हथियार से नवाब के बेटे अफसर को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर अफसर को मरा समझकर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

इसरार ने तुरंत डायल 112 पर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को भोपा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अफसर की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

पीड़ित नवाब की तहरीर पर पुलिस ने अब्बास, अल्लू, शावेज और शाहनवाज के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी देवव्रत वाजपेई ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।