मुजफ्फरनगर। नगर की गांधी कॉलोनी स्थित एक मेडिकल एजेंसी से खरीदे गए अमॉक्सीलिन (एंटीबायोटिक्स) इंजेक्शन का बिजनौर में नमूना फेल आया है। बिजनौर के जिला औषधि निरीक्षक की ओर से पत्र लिखकर अवगत कराते हुए आगे की कार्यवाही के लिए कहा गया है। स्थानीय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच में दवाइयों का नकली और अधोमानक पाए जाने का सिलसिला थम नहीं रहा। कुछ दिन पहले जामिया नगर स्थित अमन मेडिकल स्टोर से खरीदे गए गैस-उपचारक कैप्सूल अमरोहा में पकड़े गए थे। जांच के दौरान सामने आया था कि कैप्सूल के पत्ते पर दर्शाए गए साल्ट की बजाए उसमें सफेद खड़िया पाउडर भरा था।
इसके बाद अमरोहा का औषधि प्रशासन विभाग सक्रिय हो गया था। जांच के दौरान सामने आया था कि नगर के अमन मेडिकल स्टोर के संचालक की ओर से उक्त कैप्सूल हरियाणा के जनपद हिसार की कंपनी ड्रग हब से उसने डीएच रेब डीएसआर कैप्सूल के पांच डिब्बे खरीदे थे। इसके बाद स्टॉक रजिस्टर खरीद-बिक्री, चालान और बैच नंबरों की एंट्री की जांच की।
औषधि निरीक्षक पवन कुमार शाक्य ने बताया कि जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है। बताया कि बिजनौर में अमॉक्सीलिन इंजेक्शन का नमूना फेल आने के मामले में भी वह जांच कर रहे हैं। बताया कि संबंधित मेडिकल एजेंसी पर जाकर इंजेक्शन खरीद और उनके स्टॉक आदि की जानकारी ली जाएगी।