मुजफ्फरनगर। कस्बा भोकरहेड़ी में बुजुर्ग पिता ने अपने इकलौते पुत्र की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। बीच-बचाव में आई पुत्रवधू यानी बहू भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गई। हत्या की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है। आरोपित पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
यह वारदात भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी में शुक्रवार को पूर्वाह्न लगभग 11 बजे हुई। यहां रहने वाले 60 वर्षीय ब्रजवीर सिंह का इकलौते पुत्र 40 वर्षीय रोबिन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर आक्रोशित पिता ने घर में रखी लाइसेंसी बंदूक निकाली और रोबिन को पेट में गोली मार दी।
पुत्रवधू रविता बीच बचाव में आई, तो ब्रजवीर ने उस पर भी गोली चला दी। रविता हाथ में गोली लगने से घायल हो गई। घटना से कस्बे में सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की एकत्र हो गई और तभी भोपा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आरोपित पिता ब्रजवीर को हिरासत में ले लिया तथा लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में लिया है। घायल रविता को पुलिस ने अस्पताल पहुंचवाया। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे परिवार में किसी बात को लेकर कलह सामने आई है। हालांकि पुलिस गहनता से जांच करने में लगी है।