मुजफ्फरनगर में दिनदहाड़े फायरिंग, गांधी कॉलोनी में घर में घुसी गोली, दहशत का माहौल

मुजफ्फरनगर- जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार के शासन में लगातार हो रही घटनाओं के बीच बीती रात एक भारतीय जनता पार्टी नेता पर हमले के बाद अब शहर की पॉश कॉलोनी गांधी कॉलोनी में खुलेआम फायरिंग का मामला सामने आया है।

रूह कंपाने वाली साजिश
जानकारी के अनुसार, थाना नई मंडी क्षेत्र स्थित गांधी कॉलोनी में रविवार शाम दो गुटों के बीच अचानक विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि एक दर्जन से अधिक युवक इस झगड़े में शामिल थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक गुट के युवक दूसरे पक्ष के लड़कों के पीछे दौड़े और इसी दौरान एक युवक ने कथित रूप से फायरिंग कर दी। एक गोली गली नंबर 12 में राजेंद्र कुमार के मकान के बिजली मीटर में जाकर लगी। मौके पर कारतूस भी बरामद हुआ है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। हालांकि, दिनदहाड़े पॉश कॉलोनी में हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी लगभग नगण्य हो गई है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।