लखनऊ अग्निकांड के बाद मुजफ्फरनगर में बड़ी कार्रवाई, होटल-कोचिंग-लाइब्रेरी समेत 24 संस्थान सील

मुजफ्फरनगर :लखनऊ में हुए हृदयविदारक अग्निकांड के बाद मुजफ्फरनगर प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सख्त हो गया है. जिलेभर में कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, नर्सिंग होम, होटल और अन्य सार्वजनिक संस्थानों पर संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है. नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सीलिंग और नोटिस की कार्रवाई की जा रही है.

मुजफ्फरनगर में फायर सेफ्टी और भवन सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है. मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों द्वारा जिले में संचालित कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, नर्सिंग होम, होटल, बैंक्विट हॉल और अन्य सार्वजनिक संस्थानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है.

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि अब तक की कार्रवाई में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर कुल 24 संस्थानों को सील किया जा चुका है. इनमें कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, नर्सिंग होम, होटल तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं. इसके अलावा 35 संस्थानों में कमियां पाए जाने पर नोटिस जारी कर निर्धारित समय में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं.

अभियान के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है. विशेष रूप से बेसमेंट में संचालित संस्थानों और फायर सेफ्टी उपकरणों की कमी वाले प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, उन्हें बंद कराया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार जिन कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी में विद्यार्थी मौजूद थे. उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर संचालन बंद कराया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों को पूरा किए बिना किसी भी संस्थान को संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी.