Bihar Rain Alert: पूरे बिहार में मॉनसून एक्टिव नहीं होने की वजह से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. कहीं झमाझम बारिश तो कहीं उमस वाली गर्मी लोग झेल रहे हैं. ऐसे में आज मौसम विभाग की ओर से 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है.
राज्य के इन 12 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग की ओर से सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, जमुई और बांका में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जबकि बाकी के जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. बिगड़े मौसम में विभाग की ओर से लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है. खासकर किसानों से इस दौरान खुले में काम नहीं करने की अपील की गई.
कब से मॉनसून एक्टिव होने की है संभावना?
मौसम विभाग की माने तो, आज सीमांचल के दो जिलों किशनगंज और पूर्णिया में भारी बारिश हो सकती है. देर रात पटना और इसके आस-पास के इलाकों में हल्की बारिश हुई. लेकिन लोगों को उमस से राहत नहीं मिली. ऐसे में मौसम विभाग की माने तो, 28 जून से राज्य में मॉनसून एक्टिव हो सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अब अनुकूल हैं. 28 और 29 जून को मौसम विभाग की ओर से डबल अलर्ट जारी किया गया है. अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है.
इस वजह से मॉनसून हुआ कमजोर
एक ओर उत्तर बिहार, तराई और सीमांचल के जिलों में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं. जबकि दूसरी ओर दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिले अब भी पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे हैं. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के आंकड़े बताते हैं कि 26 जून तक बिहार के 36 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है.
इनमें 18 जिलों में 50 प्रतिशत से अधिक बारिश की कमी है. केवल किशनगंज और सुपौल ऐसे जिले हैं, जहां सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है. अल नीनो के शुरुआती प्रभाव और मॉनसून की कमजोर गति को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है.