मुजफ्फरनगर में दिल दहला देने वाली घटना: पेड़ लगाने वाले औजार से पत्नी की हत्या

छपार। मुज्जफर नगर के सिम्भालकी में पति ने पेड़ लगाने वाले औजार बर्मा से ताबड़तोड़ हमला कर अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित पति फरार हो गया। घटना के समय वहां पर पति-पत्नी के अलावा एक बुजुर्ग महिला थी। दोनों पुत्र भी घर पर नहीं थे।

पेड लगाने वाले औजार से हमला कर पति ने की पत्नी की हत्या
क्षेत्र के गांव सिम्भालकी निवासी पूरण सिंह पुत्र स्व. जयपाल सिंह के 45 वर्षीय पत्नी सुनिता शनिवार देर रात में वॉशिंग मशीन में कपडे़ धुल रही थी। घर पर 90 वर्षीय दादी थी। दो पुत्रों में से बड़ा पुत्र दीपान्शु चंडीगढ़ में प्राईवेट कम्पनी में नौकरी करता है, जबकि छोटा पुत्र अभिषेक देवबंद में मेले में गया हुआ था। तभी आरोपित पति ने पेड़ लगाने वाले लोहे के बर्मा से पत्नी पर हमला कर दिया, उसने मुंह, पेट व पैर पर कई वार किए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपित घटना के बाद जंगल में भागा
आरोपित जंगल में फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फारेंसिक टीम के साथ घंटों जांच पडताल की। और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।

तहरीर के बाद दर्ज होगा केस
थानाध्यक्ष मोहित सहरावत ने बताया कि हत्या के कारण का पता नहीं चल सका है, आरोपित पति शराब पीने का आदी था। पुलिस आरोपित की तलाश में लगी हुई है। तहरीर आने पर उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जायेगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।