मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल विकास खंड की ग्राम पंचायत क्यामपुर में चकरोड की भूमि से अवैध कब्जा हटा दिया गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर राजस्व टीम ने पुलिस सुरक्षा के बीच यह कार्रवाई की।
यह चकरोड चरथावल के गांव क्यामपुर में काली सड़क से दूधली रास्ते तक करीब एक किलोमीटर लंबी है। इस पर गांव के साजुम मुकम्मिल और उनके भाइयों ने गन्ने की फसल बोकर अवैध कब्जा कर रखा था।
अवैध कब्जे के कारण किसानों को अपने खेतों तक जाने में परेशानी हो रही थी। किसानों ने इस संबंध में थाना समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद नायब तहसीलदार सुनील कुमार, कानूनगो शिवकुमार और लेखपाल उस्मान सहित अन्य राजस्व टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ट्रैक्टर की मदद से गन्ने की फसल को हटवाकर चकरोड को मुक्त कराया।
नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने बताया कि चकरोड पर किए गए अवैध कब्जे को सफलतापूर्वक हटा दिया गया है।