नई मंडी की ए टू जेड रोड सैनिक विहार निवासी संजय की हत्या उसकी पत्नी ने पैसों व संपत्ति के लालच में गला घोंट कर की थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच पड़ताल की। शनिवार को पत्नी कविता को गिरफ्तार कर लिया।
नई मंडी सीओ राजू कुमार साव ने बताया कि संजय की हत्या के मामले में उसकी पत्नी को पकड़ा है। उससे जानकारी मिली कि संजय ने दूसरी शादी सरधना के गांव रार्धना निवासी कविता के साथ वर्ष 2000 में की थी। पति के पहले तीन बच्चे थे। उसका पति बैंक में नौकरी करता था। ज्यादा लगाव होने के कारण वह अपना पैसा माता पिता व पहली पत्नी के बच्चों पर खर्च करता था।
26 जुलाई को वह अपने परिवार व पति के साथ गाड़ी में शामली में एक बाबा के यहां प्रसाद चढ़ाने गई थी। वापस आते समय उनमें झगड़ा हो गया। टोना टोटका करने व अपने फंड के पैसे पिता को देने की धमकी देने लगा। वहां शराब पी ली। वहां से वह किसी तरह घर पहुंचे। उस लगने लगा कि पति सारी संपत्ति व फंड का पैसा माता पिता व पहली पत्नी के बच्चों को न दे दे, उसने पति को मारने का मन बनाया।
रात में उसका पति व बच्चे अलग-अलग सो गए। पति बरामदे में खाट पर लेटा था। उसने रस्से से उसकी गर्दन को दबा दिया। संजय झटपटाया तो उसे चोट भी लग गई। मौत होने के बाद शव को रस्से से फंदे पर लटकाने लगी, तभी डोर बेल बजी। उसका सौतेला बेटा नीशू आ गया, जिस कारण रस्सी खोल दी।
अंदर आए नीशू को बताया कि उसके पिता को दौरा पड़ा। उसने व अन्य परिजनों ने उसके पति की छाती को दबाया। प्रतिक्रिया न होने पर उसने नीशू को अपने पिता को अस्पताल ले जाने को कहा। नीशू ने अपने बाबा को सूचना दी तो वह और अन्य लोग वहां आए गए। उसके कहने पर शव को अपने पैतृक गांव टांडा माजरा बुढाना ले गए। वहां अंतिम संस्कार से पहले नहलाने के दौरान चोट देखकर लोगों ने हत्या करने का शक जताया।
सीओ ने बताया कि शक के चलते परिजन शव को लेकर नई मंडी कोतवाली आए थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। मृतक के पिता भोपाल सिहं ने पुत्रवधू के खिलाफ हत्या का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंट कर मौत का कारण आया, तब पुलिस ने जांच शुरू की थी। अब आरोपी पत्नी को उसके घर से पकड़ लिया गया सीओ का कहना है कि इस मामले में जांच चल रही है। यदि किसी अन्य का भी इस घटना में शामिल होना सामने आता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।