मुजफ्फरनगर में 3.44 लाख मतदाताओं के नाम सूची से कटे:कुल 17 लाख 68 हजार 369 मतदाता

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि जिले की छह विधानसभा सीटों पर 3 लाख 44 हजार 217 मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए हैं। पहले 21 लाख 12 हजार 586 मतदाता पंजीकृत थे, जो अब घटकर 17 लाख 68 हजार 369 रह गए हैं।

डीएम उमेश मिश्रा ने जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर यह पुनरीक्षण अभियान चलाया गया। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 6 जनवरी 2026 को किया जा चुका है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक दाखिल की जा सकती हैं।

इन दावों और आपत्तियों का निस्तारण 27 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 मार्च 2026 को होगा।

वर्तमान में जिले में कुल 17 लाख 68 हजार 369 मतदाता हैं, जिनमें 9 लाख 65 हजार 449 पुरुष, 8 लाख 2 हजार 831 महिला और 89 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

विधानसभावार मतदाता संख्या इस प्रकार है: बुढ़ाना में 3 लाख 44 हजार 367, चरथावल में 2 लाख 93 हजार 931, पुरकाजी (अजा) में 2 लाख 84 हजार 15, मुजफ्फरनगर में 2 लाख 79 हजार 266, खतौली में 2 लाख 83 हजार 80 और मीरापुर में 2 लाख 83 हजार 710 मतदाता हैं।

काटे गए नामों में मृतक, लापता, स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके मतदाता, दोहरी प्रविष्टि वाले और अन्य श्रेणियों के मतदाता शामिल हैं। सर्वाधिक 92 हजार 460 नाम मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र से हटाए गए हैं।

यह अभियान मतदाता सूची को त्रुटिरहित और शुद्ध बनाने के उद्देश्य से चलाया गया है। डीएम ने राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे मतदाताओं को जागरूक करें, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति मतदाता सूची से बाहर न रहे।