मुजफ्फरनगर। पुरबालियान गांव में बकाया बिल जमा कराने पहुंचे पुरा बिजली उपकेंद्र के जेई और निवर्तमान प्रधान के पति के बीच विवाद हो गया। आरोप है के प्रधान के पति और उसके समर्थकों ने जेई की जमकर पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी प्रसारित हो रहा है। हमले में जेई के सिर में गंभीर चोट लग लग गई।
उधर, ग्रामीणों ने किसान संगठनों एवं राजनीतिक लोगों को साथ लेकर थाने पहुंचकर धरना व हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने जेई पर निवर्तमान महिला प्रधान एवं गांव की महिलाओं के साथ अश्लीलता एवं अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। कनेक्शन काटने के नाम पर रिश्वतखोरी का भी आरोप लगाया।
पुलिस द्वारा प्रधान के पति को हिरासत में लेने पर धक्का-मुक्की हो गई। छह घंटे बाद दोनों पक्षों की तहरीर लेने के आश्वासन पर धरना खत्म हुआ। शनिवार सुबह 11 बजे पुरा बिजली उपकेंद्र पर तैनात जेई मोहर सिंह अपने साथी कर्मचारियों विनय और अश्वनी को साथ लेकर गांव पुरबालियान में बकाया बिजली बिल जमा कराने पहुंचे। यहां निवर्तमान प्रधान के पति शौकत अली पर करीब दो लाख रुपये का बिजली बिल बकाया था।
बकाया बिल का भुगतान कराने जेई टीम के साथ उनके घर पहुंचे। कनेक्शन काटने की बात को लेकर शौकत अली के साथ जेई का विवाद हो गया। आरोप है कि जेई ने घर में मौजूद निवर्तमान महिला ग्राम प्रधान के साथ अश्लील हरकत की और उनके तथा उनके पति शौकत अली के कपड़े फाड़ दिए।
हंगामा होता देख आसपास के ग्रामीण जमा हो गए। इसके बाद महिलाओं एवं कुछ युवकों ने जेई को गलियों में दौड़ा-दौड़ाकर तब तक पीटा ज़ब तक वह बेहोश नहीं हो गया। जेई के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेई को बेगराजपुर मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे जिला अस्पताल भिजवाया गया।
जेई की ओर से प्रधान के पति शौकत अली एवं उसके दोनों बेटों समीर और गोलू के विरुद्ध जानलेवा हमले व जातिसूचक शब्द बोलने की तहरीर दी गई।
घटना के एक घंटे के बाद दर्जनों ग्रामीण थाने पहुंचकर धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में भाकियू, भीम आर्मी, अखिल भारतीय प्रधान संगठन के पदाधिकारी भी आ गए। सीओ खतौली रुपाली राय चौधरी एवं थानाध्यक्ष विपिन त्यागी ने शौकत अली को धरने से उठाकर हिरासत में लेने का प्रयास किया तो धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू हो गई।
पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इस मारपीट के बाद लोग भड़क गए। मारपीट करने वाले पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। हंगामा कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जेई मोहर सिंह गांव की महिलाओं के मोबाइल नंबर पर काल कर बिजली बिल कम करवाने की बात कहकर मिलने को बुलाता है।
शनिवार को भी उसने निवर्तमान ग्राम प्रधान के घर में जबरन घुसकर उनके साथ अश्लील हरकतें की और महिला ग्राम प्रधान व उनके पति शौकत अली के कपड़े फाड़ दिए। धरने पर भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी भी पहुंच गए। थाने पर छह घंटे चले हंगामे के बाद सीओ ने उच्चाधिकारियों से बात कर पदाधिकारियों से सहमति लेकर कहा कि दोनों पक्षों की तहरीर ली जाएगी। मामले की उच्च स्तरीय जांच कर जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद धरना खत्म हो गया।