Delhi, UP समेत 14 राज्यों में जमकर होगी बारिश, तेज आंधी की चेतावनी, IMD का पहाड़ों के लिए रेड अलर्ट

Aaj Ka Mausam: देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक जोरदार बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत 14 राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ गया है, जबकि मैदानी इलाकों में लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

14 राज्यों में बारिश का अलर्ट ( Weather Of UP, Delhi Or Rajasthan)
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, सिक्किम, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में रेड अलर्ट (Weather Of Uttarakhand,
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने की आशंका बनी हुई है। उत्तराखंड में हाल ही में हुए लैंडस्लाइड के बाद केदारनाथ यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों की सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। कैलाश-मानसरोवर यात्रा से जुड़े यात्रियों को भी खराब मौसम के कारण इंतजार करना पड़ा।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी में तेज होगा बारिश का दौर
दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में फिलहाल हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन 20 से 23 जुलाई के बीच इन इलाकों में तेज बारिश होने का अनुमान है। इससे लंबे समय से बनी उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है।

उत्तर प्रदेश में 24 जुलाई तक कई जिलों में लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड में 19 और 20 जुलाई को अत्यधिक वर्षा की चेतावनी दी गई है।

मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून
पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 24 जुलाई तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 22 से 24 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।

पूर्व और पूर्वोत्तर राज्यों में भी होगी झमाझम बारिश
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और ओडिशा में 19 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। झारखंड और ओडिशा में 23 जुलाई तक लगातार वर्षा का दौर बना रह सकता है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहेगी।

दक्षिण और पश्चिम भारत में कैसा रहेगा मौसम?
कोंकण-गोवा और तटीय कर्नाटक में 24 जुलाई तक लगातार बारिश होने की संभावना है। केरल और लक्षद्वीप में भी 21 जुलाई तक अच्छी वर्षा का अनुमान है। दूसरी ओर गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में अगले सात दिनों तक केवल हल्की या छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए आने वाले दिनों में कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है।