मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस के सरवट क्षेत्र में कुछ युवकों ने इमाम के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गई। इमाम को पीटने पर मुस्लिम समाज में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपितों को पकड़ने के लिए हंगामा किया।
घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें मेरठ हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस को नामजद तहरीर दी गई है, पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर छानबीन में लगी है।
नगर कोतावाली के मुहल्ला काजियान निवासी हाफिज अब्दुल वहाब सरवट की गोर-ए-गरीबा मस्जिद में इमाम हैं। रविवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे वह बाइक पर सवार होकर मस्जिद जा रहे थे। जैसे ही सरवट पीर के निकट पहुंचे से कुछ युवकों से कहासुनी हो गई।
युवकों ने इमाम पर डंडे से कर दिया हमला
आरोप है कि युवकों ने एकत्र होकर इमाम पर बैट, डंडे से हमला कर किया। इमाम को सड़क पर गिराकर पीटा गया। घायल इमाम की चींख-पुकार सुनकर लोग दौड़ पड़े।
लोगों को आता देख आरोपित युवक मौके से फरार हो गए। इमाम के साथ मारपीट की घटना से मुस्लिम समाज के लोग एकत्र हो गए और हंगामा किया। बताया कि आरोपित पक्ष हिंदू हैं, इससे मौके पर सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई।