मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बहुप्रतीक्षित श्रीराम कॉलेज रोड के निर्माण में लगातार हो रही देरी को लेकर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल का सब्र जवाब दे गया। शनिवार को मंत्री स्वयं निर्माण स्थल पर पहुंचे और जल निगम, नगर पालिका परिषद समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर तलब कर कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि श्रीराम कॉलेज रोड क्षेत्र के हजारों लोग लंबे समय से टूटी सड़क, जलभराव और गंदगी की समस्या झेल रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित विभागों की कार्यशैली बेहद निराशाजनक है। उन्होंने अधिकारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि अब किसी भी तरह की लापरवाही या बहानेबाज़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि कुछ दिन पहले ही विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क निर्माण से पहले स्थायी और तकनीकी रूप से मजबूत जल निकासी व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए गए थे, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या दोबारा न हो। लेकिन विभागों के बीच समन्वय की कमी और धीमी कार्यप्रणाली के कारण आज तक सड़क निर्माण शुरू नहीं हो पाया।
उन्होंने कहा कि इस लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। सड़क पर कीचड़ और जलभराव के कारण स्थानीय निवासी, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और राहगीर रोज़ाना परेशानी झेल रहे हैं। बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं।
कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जल निकासी और सड़क निर्माण का कार्य तत्काल शुरू करें और तय समय सीमा में इसे पूरा करें। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसा कार्य कराया जाए जिससे सालों तक लोगों को राहत मिले।
मंत्री ने दो टूक में चेतावनी दी कि यदि अब निर्माण कार्य में देरी हुई या किसी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ उच्च स्तर पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।