Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पतंग उड़ाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ, जिसके एक पक्ष दूसरे पक्ष के तीन भाइयों को बंधक बना लिया और बेरहमी से घंटों तक पिटाई की. घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए. वहीं, पुलिस ने तीनों बंधक भाईयों को गंभीर रूप से घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. इस घटना की कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है, जिसमें आप देख सकते हैं कि किस तरह से तीनों भाइयों को अर्धनग्न कर आरोपी बेल्टों से पीट रहे हैं. इस मामले में पुलिस ने घायल भाइयों के परिजनों की शिकायत पर तुरंत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है.
यह मामला मुजफ्फरनगर जिले के खालापार थाना क्षेत्र स्थित सुजडू गांव का है. यहां बीते 12 अप्रैल को पतंग उड़ाने को लेकर विवाद हुआ था. मामूली विवाद के बाद आरोपी साहिल, अमन, उमर उर्फ भूरा और एक अज्ञात ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर तीन भाई मुजम्मिल, मुदस्सिर और मुस्सवीर को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा था. इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरा वाक्या अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था.
पीड़ित भाइयों के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में साहिल, अमन, उमर उर्फ भूरा और एक अज्ञात के विरुद्ध धारा 115(2), 352, 109(1) और 351(3) में मुकदमा दर्ज कर जहाँ दो आरोपी साहिल और उमर उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस ने दबिश देना शुरू कर दी है.