मुज़फ्फरनगर: दो अधिवक्ता भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मुजफ्फरनगर। शहर में एक विवादित हमले के मामले ने कानून के रखवालों पर ही सवाल खड़ा कर दिया है। जिला कचहरी में अपनी वकालत के पेशे के कारण पहचान रखने वाले दो वरिष्ठ अधिवक्ता भाइयों पर आरोप है कि उन्होंने अपने पड़ोसी पर घर के बाहर हमला किया।

घटना की जानकारी उस समय मिली जब सोशल मीडिया पर हमला का वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में आरोपितों को पड़ोसी को उठाकर जमीन पर पटकते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि शिया समाज की एक संस्था में वर्चस्व की लड़ाई और गांव में भूमि विवाद की पुरानी रंजिश इस हमले की वजह हो सकती है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिवक्ता भाइयों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का यह प्रकरण 3 नवंबर की रात का बताया गया है। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें दो लोग सड़क पर फोन पर बात करते हुए घूम रहे व्यक्ति से हाथापाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में एक हमलावर व्यक्ति पीड़ित को बाहों में उठाकर दो बार जमीन पर पटकते हुए देखा जा सकता है।

वीडियो वायरल होने के बाद जनपद में हलचल मच गई है, क्योंकि आरोपितों की पहचान शहर में वकील के रूप में होती है। पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।