मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर की पौराणिक तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में आगामी कार्तिक गंगा स्नान मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बुधवार को एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, DIG सहारनपुर अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा ने अधीनस्थ पुलिस और प्रशासनिक अमले के साथ पूरे मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने गंगा घाट, मेला स्थल और वहां तैनात होने वाले सुरक्षा बलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेले का आयोजन दो नवंबर से छह नवंबर तक होगा, जबकि मुख्य स्नान पांच नवंबर की सुबह आयोजित किया जाएगा।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, गहरे पानी में जाने से रोक, मेला ग्राउंड पर टेंट लगाने के स्थान, स्वच्छता और पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधीनस्थों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी हों और श्रद्धालुओं को पूरी सुरक्षा मिले। एडीजी भानु भास्कर ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंध, पुलिस बल की तैनाती और सांस्कृतिक कार्यक्रम को सुरक्षित और सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और वीआईपी व्यवस्थाएं
दो नवंबर को गंगा घाट पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन जिला प्रशासन की ओर से किया जाएगा। अधिकारीयों ने इस दौरान श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था और वीआईपी व्यक्तियों के लिए अलग से सिटिंग व्यवस्था की रूपरेखा तैयार की। निरीक्षण टीम में मेला प्रभारी विनोद कुमार सिंह, नायब तहसीलदार बृजेश कुमार, BDO विशाखा, सुनील शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। बोट द्वारा गंगा का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी जिला प्रशासन लगातार तीर्थ नगरी जाकर व्यवस्थाओं को परख रहा है। अधिकारियों ने जोर दिया कि श्रद्धालु सुरक्षित स्नान करें, पूजा कार्य सम्पन्न हो और मेले के दौरान किसी प्रकार की आपदा या अव्यवस्था न हो।