मुजफ्फरनगर। पुलिस चौकी में कुर्सी पर पैर रखकर बैठने का विरोध किया तो महिला के बेटे ने कांस्टेबल से अभद्रता और मारपीट कर दी। पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने व मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कर लिया।
छपार थानाध्यक्ष मोहित सहरावत ने बताया कि गांव छपार निवासी जितेन्द्र पाल ने एसएसपी संजय वर्मा के समक्ष पेश होकर अपने छोटे भाई जितेश पर उसकी हत्या करने की आशंका जताते हुए शिकायत की थी। एसएसपी ने छपार पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
चौकी प्रभारी रमित यादव ने आरोपित जितेश को थाने बुलाया
शुक्रवार को छपार कस्बा चौकी प्रभारी रमित यादव ने आरोपित जितेश को थाने बुलाया था। आरोपित अपनी मां प्रीतमो देवी व साथी नितिश के साथ छपार कस्बा चौकी पर पहुंचा। वहां पर उसकी मां कुर्सी पर पैर रखकर बैठ गई, जिस पर कांस्टेबल सोहनवीर ने पैर नीचे कर बैठने को कहा। इस पर आरोपित जितेश की कांस्टेबल सोहनवीर के साथ बहस हो गई।
जितेश ने सोहनवीर के साथ अभद्रता व मारपीट कर दी
आरोप है कि जितेश ने सोहनवीर के साथ अभद्रता व मारपीट कर दी। इससे वहां पर हंगामा हो गया। पुलिस तीनों आरोपितों को थाने ले आई। पुलिस ने जितेश, प्रीतमो व नितिश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित प्रीतमो को थाने से 41ए का नोटिस देकर छोड़ दिया गया। जबकि आरोपित जितेश व नितिश को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों का चालान कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।