मुजफ्फरनगर। नरा से महावीर चौक को सप्लाई देने वाला तार टूट गया। फाल्ट तलाश करने और तार जोड़ने में काफी समय लगा। इस दौरान महावीर चौक और टाउन हॉल बिजली घर से करीब पांच घंटे तक आपूर्ति बाधित रही, जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
महावीर चौक बिजलीघर को नरा से आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार को नरा रेलवे स्टेशन के समीप गत्ता फैक्टरी के पास एचटी लाइन का तार टूट गया, जिससे महावीर चौक बिजलीघर से आपूर्ति बाधित हो गई। ऊर्जा निगम कर्मियों को फाल्ट ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। तार की मरम्मत शुरू हुई तो टाउनहॉल बिजली घर का भी शटडाउन लेना पड़ा। आपूर्ति बाधित होने से रुड़की रोड और आसपास के बाजार सहित दर्जनों आवासीय कॉलोनियों की बत्ती गुल हो गई। तार जोड़ते ही शाम के समय महावीर चौक बिजली घर की आपूर्ति बहाल हो गई लेकिन तभी ट्रिपिंग के चलते टाउनहाॅल बिजली घर की आपूर्ति बाधित हो गई।
अधीक्षण अभियंता शहर मनोज कुमार ने बताया कि 33केवीए बिजली घर का तार टूटने के कारण समस्या हुई, जिस वजह से महावीर चौक बिजलीघर की लाइट चली गई। उन्होंने बताया कि तार ठीक करने के लिए टाउनहॉल बिजली घर का शटडाउन लिया गया।