पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में हनी ट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसके चलते हनी ट्रैप गैंग की एक महिला सदस्य ने पहले दो किसानों को वीडियो कॉल कर बुलाया. उसके बाद अपने गैंग के सदस्यों के साथ उनकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें रेप में फंसाने की धमकी देते हुए 3 लाख रुपये की मांग की. पीड़ित किसानों ने किसी तरह अपने रिश्तेदारों से रुपये मंगाकर अपनी जान बचाई.
दरअसल, मामला बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र निवासी किसान फिरोज मलिक द्वारा बुढ़ाना कोतवाली में तहरीर देकर एक मुकदमा दर्ज कराया था. जिसमें उसने बताया था कि सना नाम की एक महिला द्वारा उसे वीडियो कॉल कर मिलने के लिए बुलाया था. 7 जनवरी को पीड़ित किसान फिरोज मलिक अपने एक अन्य दोस्त के साथ सना के बताए स्थान पर पहुंच गया था.
योजनाबद्ध तरीके से बनाई आपत्तिजनक वीडियो
योजनाबद्ध तरीके से पहले फिरोज और उसके साथी की अश्लील वीडियो बनाई गई और फिर बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए ₹3 लाख की मांग की गई. फिरोज और उसके दोस्त ने अपने रिश्तेदारों से किसी तरह ₹3 लाख मंगाकर अपनी जान और इज्जत बचाई.
किसी तरह अपनी जान बचाकर वापस लौटे पीड़ित किसान फिरोज और उसके साथी ने बुढ़ाना थाने में पहुंचकर इस मामले की पूरी जानकारी दी थी. पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज करते हुए मंगलवार को इस हनी ट्रैप गैंग के दो सदस्य शमशू और उस्मान को गिरफ्तार कर उनके पास से ठगी के ₹2 लाख भी बरामद किए हैं. इस मामले में दो महिला सहित चार लोग अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुटी हुई है.
SP ग्रामीण ने दी पूरी जानकारी
SP ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया, “कल शाम थाना बुढ़ाना पर एक सूचना प्राप्त हुई जहां पर कस्बा बुढ़ाना के निवासी एक व्यक्ति थाने पर आए और उन्होंने बताया कि उनके साथ एक हनी ट्रैप का मामला हुआ है.”एक बागपत की रहने वाली महिला के साथ वे टच में थे जो पैसे लेकर संबंध उनके साथ बनाए थे. महिला द्वारा फोन करके बुलाया गया और वह अपने एक अन्य साथी के साथ जब वहां गए, वहां पर दो महिलाएं एक कमरे में थीं और वह महिलाएं उनके कपड़े उतारने लगीं.”
चार लोग कमरे में घुस आए
“कपड़े उतारने के बाद अचानक से चार आदमी कमरे के अंदर घुस आते हैं और फोन से उनकी आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सब बना लेते हैं. उनको फिर ब्लैकमेल किया जाता है कि फोटो-वीडियो वायरल कर दिए जाएंगे, उनको बदनाम कर दिया जाएगा या तुम्हारे ऊपर बलात्कार का मुकदमा लिखवा दिया जाएगा.”
UPI से मंगवाए 3 लाख
“इसी तरीके से उसको ब्लैकमेल करके उसके पास से, उसके दोस्तों से, उसके रिश्तेदारों से कॉल करवाकर UPI के माध्यम से बैंक खातों में ₹3 लाख के आसपास मंगवाए जाते हैं.”
“जैसे ही यह सूचना पुलिस को मिलती है, सुसंगत धाराओं में थाना बुढ़ाना पर मुकदमा पंजीकृत किया गया. इसमें दो अभियुक्त उस्मान पुत्र अकरम और शमशू पुत्र आबाद – दोनों आपस में जीजा-साला लगते हैं – इन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इनके पास से ₹2 लाख भी बरामद हुए हैं.”
अपनी पत्नियों को करते हैं इस्तेमाल
“इन्होंने पूछताछ में बताया कि इनके और चार अन्य साथी हैं और यह अपनी ही पत्नियों को इस काम के लिए इस्तेमाल करते हैं – हनी ट्रैप के लिए इस्तेमाल करते हैं.” “टोटल 6 लोग इस घटना में शामिल हैं. दो लोग गिरफ्तार कर दिए गए हैं, इनके पास से ₹2 लाख भी बरामद कर दिए गए हैं और अन्य जो शेष अभियुक्त हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित है. जल्दी ही उनको भी आने वाले समय में गिरफ्तार किया जाएगा.”
यह मामला हनी ट्रैप गिरोहों की बढ़ती घटनाओं को दर्शाता है, जो सोशल मीडिया और वीडियो कॉल का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं और फिर उन्हें ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठते हैं.