मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने जयपुर निवासी दिनेश, सूर्या और भूप सिंह को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से साढ़े छह लाख रुपये का सोना बरामद किया गया है। पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
ई-कॉमर्स पार्सलों से सोने के सिक्के चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य जयपुर निवासी दिनेश, सूर्या व भूप सिंह को नई मंडी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लगभग साढ़े छह लाख रुपये के दो सोने के बिस्किट, दो सोने के सिक्के और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। उनके दो साथी भाग गए।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने प्रेसवार्ता कर बताया कि 11 फरवरी को गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र की दीपक कॉलोनी निवासी एमएस वाटर मेलन कंपनी के सुपरवाइजर ने एक कंपनी के पार्सल से सोने के सिक्के चोरी का मामला नई मंडी कोतवाली में दर्ज कराया था। इस मामले में तीन आरोपियों को दोबारा घटना करने आने के दौरान पकड़ा गया।
जांच में सामने आया कि भुगतान और रिफंड के लिए इनका चौथा साथी राजस्थान के बस्सी दोपुर जयपुर निवासी अशोक अपने आईडीएफसी बैंक के खाते से अमेजन से सोने के महंगे सिक्के ऑर्डर करता था। भोले व गरीब तबके के लोगों को अपनी बातों में लेकर उनकी आईडी पर सिम खरीदते थे। इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड घटना के बाद नष्ट कर दिए जाते थे। इस गिरोह के दो सदस्य अशोक व दोसा राजस्थान निवासी हितेश पुलिस की पकड़ से बाहर है। उनकी तलाश की जा रही है।
इन्हें किया गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपी राजस्थान के जयपुर के बस्सी दोपुर निवासी दिनेश कुमार, सूर्या और जामडोली जयपुर निवासी भूप सिंह हैं। इस गिरोह ने मेरठ, गोरखपुर और प्रयागराज में भी घटना की हैं। पुलिस टीम को एसएसपी ने 15 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
ऐसे करते थे पार्सल से चोरी
एसएसपी ने बताया कि तीनों आरोपी ई-कॉमर्स कंपनियों से पहले कम कीमत वाले ऑर्डर मंगा कर डिलीवरी कर्मियों का विश्वास जीतते थे। बाद में महंगे सोने के सिक्के और बिस्किट मंगाकर पार्सल से सामान चोरी कर बॉक्स दोबारा पैक कर डिलीवरी बॉय को कैश बैक का झांसा देकर ऑर्डर कैंसिल करा देते थे। इसके बदले डिलीवरी बॉय को पांच सौ रुपए देते थे। पार्सल से सिक्के निकाल कर पार्सल को टेप आदि से पहली अवस्था में कर वापस कर देते थे।